सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न के जीएसटी दफ्तर में सोमवार की देर शाम जबलपुर सीबीआई की टीम ने रिश्वत मांगने के मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विन्ध्यनगर निवासी फिल्मी गाने यू ट्यूब में अपलोड करने वाले शिकायतकर्ता रामानुग्रह विश्वकर्मा ने पहले जीएसटी ऑफिस में अपना रजिस्ट्रेशन कराया था। बाद में उसने अपने रजिस्ट्रेशन को फाइल कराने के लिए जीएसटी आफिस बैढ़न में आवेदन दिया।
चर्चा हैं कि जीएसटी के सुपरिटेंडेंट विवेक कुमार ने शिकायतकर्ता से दो हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता ने विधिवत इनका वीडियो और आडियो तैयार कर जबलपुर सीबीआई के यहां शिकायत की। इसके आधार पर सोमवार की शाम जबलपुर सीबीआई की टीम के साथ-साथ बैढ़न के दर्जन भर अन्य अधिकारियों के साथ जीएसटी टीम ने दबिश देते हुए सुपरिटेंडेंट विवेक कुमार एवं इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही विवेक कुमार के एनटीपीसी आवास में भी टीम ने छापामारी की।
हालांकि चर्चा है कि उनके आवास से करीब कुछ नगदी और मंगलसूत्र तथा जमीन क्त्रस्य संबंधी दस्तावेज मिले हैं। वहीं, इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल भी इसी लपेटे में आ गए हैं। इधर सूत्रों का कहना है कि अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पा रही है कि शिकायतकर्ता से जीएसटी आफिस के दोनों अधिकारी रिश्वत ले रहे थे। दफ्तर के सूत्रों के अनुसार, मौके पर टीम पहुंच विवेक एवं कृष्ण कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।