ओबरा। अल्ट्राटेक सीमेंट कार्पोरेशन डाला द्वारा स्थानीय भलुआ टोला स्थित जुलगुल माइंस से ठेकेदार द्वारा नियम के विरुद्ध 24 घंटे बोल्डर की हो रही ओवरलोडिंग ढुलाई को रोकने एवं निकाले गए संविदाकर्मियों को वापस रखने के लिए राज्यसभा सांसद रामशकल ने डीएम को पत्र लिखा है। सांसद ने डीएम को भेजे गए पत्र में लिखा है कि ठेकेदार द्वारा नियम के विरूद्ध ओवरलोड वाहनों से लगातार लाइम स्टोन बोल्डरों की ढुलाई किया जा रहा है। लगभग दस वर्षों से कार्य कर रहे सैकड़ों संविदाकर्मियों को निकाल दिया गया है जिससे आसपास के क्षेत्रों में रोष है। उन्होंने मांग किया है कि सभी संविदाकर्मियों को वापस कार्य पर रखा जाए एवं ओवरलोडिंग सहित रात्रि में कार्यो पर रोक लगाई जाए। ओवरलोडिंग बंद कर संविदाकर्मियों को वापस कार्य पर नहीं रखे जाने पर मामले को सदन में उठाने की बात कहीं है।