कार-बाइक की टक्कर में तीन लोग गंभीर घायल
अधे दी हट्टी में हादसा, घायल टांडा किए रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। बस्ती कोहाला और अधे दी हट्टी के पास एक कार और बाइक की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायलों में मदन लाल (55) निवासी पाईसा, निखिल कौंडल पुत्र धर्मवीर नादौन और तविश कुमार पुत्र हेमराज सेरी नादौन शामिल हैं। हादसा इतना भयानक था कि बाइक और कार में हुई टक्कर के बाद कार दूर जाकर सड़क किनारे खेतों में जा गिरी। उधर, इस हादसे के दौरान ही पीछे से आ रही एक ओर बाइक यहां खड़ी निजी टैक्सी से जा टकराई। हालांकि इस हादसे में बाइक सवार को मामूली सी चोटें आई हैं। उधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस के एएसआई रवि दत्त शर्मा भी मौके पर पहुंचे व मौके का जायजा लिया। डीएसपी योगेश दत्त जोशी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।