घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र में तीन जगहों पर अवैध रूप से बालू भंडारण के मामले में देर रात पुलिस ने 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहां भंडारण कर रखे गए 895 घन फीट बालू को फिलहाल सुपुर्दगी में दे दिया गया है। बाद में बालू की नीलामी कराई जाएगी।
बुधवार को डीएम के निर्देश पर घोरावल तहसील क्षेत्र में एसडीएम राजकुमार और सीओ विवेकानंद तिवारी ने खान विभाग की टीम के साथ हिनौती, मझौली और रिजुल गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से बालू भंडारण पकड़ा था। खनिज सर्वेक्षक जीके दत्ता की टीम की जांच में करीब पांच सौ ट्रैक्टर बालू होने की पुष्टि हुई थी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बालू के बारे में पूछताछ की मगर भंडारण करने वालों का नाम बताने को कोई तैयार नहीं था। सर्वेक्षक जेके दत्ता ने बताया तीनों जगहों पर करीब 851 घन फीट बालू मिला है। जिन-जिन लोगों की भूमि में बालू रखा गया था उन लोगों को चिन्हित कर लिया गया है। डीएम ने एसडीएम को मुकदमा दर्ज कराने के लिए साथ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि सर्वेक्षक जीके दत्ता ने अलग अलग तीन तहरीर दी है। पहली तहरीर में संजय सिंह, अखंड प्रताप, रणजीत सिंह, अशोक सिंह, राजेश, सुबाष, संजय पुत्रगण बेचन सिंह, संतोष, राहुल, आजाद सिंह पुत्रगण शिव बहादुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी तरह रिजुल में अवैध भंडारण में अज्ञात के खिलाफ जबकि तीसरी तहरीर में रिजूल के ही लालता चौबे के खिलाफ बालू की चोरी कर भंडारण करने के मामले में केस दर्ज हुआ है।