सोनभद्र (घोरावल)। नगर में शुक्रवार की रात एक जनरल स्टोर की दुकान से हौसला बुलंद चोरों ने करीब सवा लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर लिया। घटना के वक्त दुकान मालिक परिवार सहित कहीं गया हुआ था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
मिर्जापुर जिले के निवासी अंजनी कुमार पुत्र सालिगराम ने पिछले करीब चार साल से रोजी रोटी कमाने के लिए घोरावल में राबर्ट्सगंज बस स्टैंड के पास जनरल स्टोर एवं कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान की है। वहीं पर उसका परिवार भी रहता है। गुरुवार को रिश्तेदारी में होने वाले मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए अंजनी सपरिवार मिर्जापुर गया हुआ था। इसी बीच शुक्रवार की रात किसी समय चोरों ने उसके दुकान में चोरी कर ली। शनिवार सुबह बगल के लोगों ने देखा कि अंजनी के दुकान का टटरा खिसका हुआ है, तो उन लोगों ने मोबाइल से इसकी जानकारी अंजनी को दी। वह मिर्जापुर से घोरावल वापस आया तो दुकान के अंदर अपने रहने वाले कमरे में गया। देखा कि आलमारी टूटी हुई है। आलमारी में रखा आभूषण व नकदी गायब मिला। अंजनी कुमार के मुताबिक आलमारी में रखा करीब एक लाख रुपये का आभूषण और नकदी चोरी हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। घटना की तहरीर पीड़ित अंजनी ने घोरावल कोतवाली में दे दी है।