सर्विस रोड के किनारे टूटे बख्शे को देखते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
थाना तालग्राम के बेहटा चौकी तहत गांव मछरैया में शुक्रवार रात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर एक लाख पैंतालीस हजार रुपये और करीब पांच लाख के जेवर चोरी कर ले गए। परिजनों को घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई। पीड़ितों ने थाने में चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
मछरैया निवासी रघुनाथ सिंह पुत्र उदयवीर का मकान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे सर्विस रोड के किनारे है। रात को किसी समय चोर पीछे की दीवार के सहारे आंगन में पहुंचे और कमरे का ताला तोड़कर बख्शे उठा ले गए। बख्शों को तोड़कर उसमें रखे 70 हजार रुपये, दो सोने की चेन, चार अंगूठी, झुमकी, पायल, तोड़िया सहित दो बहुओं का करीब ढाई लाख रुपये का जेवर चोर समेट ले गए।
इसके बाद राजेश कुमार पुत्र लज्जाराम के मकान में घुसकर अलमारी बख्शों का ताला तोड़कर 75 हजार रुपये व दो लाख से अधिक के जेवर ले गए। माल समेटने के बाद चोर रामरहीस के खेत में खाली बक्से छोड़ गए। सुबह के दौरान सोकर उठने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। यूपी 100 डायल को तत्काल मामले की सूचना दी गई। चौकी प्रभारी बेहटा विनोद कुमार, दरोगा गोकरन सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।