सोनभद्र। जिले के चार थाना क्षेत्र की पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग जगहों से 11 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 306 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मंगलवार को चुर्क स्थित पुलिस लाइन के प्रशासनिक सभागार में एसपी सलमान ताज पाटिल ने प्रेसवार्ता कर गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर हेरोइन की बिक्री की सूचना मिल रही थी। इस पर राबटर्सगंज, चोपन, शाहगंज, करमा थाने की स्वाट टीमों ने सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तस्करों को गिरफ्तार किया। बताया कि पकड़े गए शाहगंज थाना क्षेत्र के खैरा निवासी रवि प्रकाश पटेल के पास से 60 ग्राम, बेलाव निवासी सोनू उर्फ आतिष कुमार मौर्य के पास 55 ग्राम, बेलाटाड़ निवासी छोटू उर्फ अखिलेश पटेल के पास से छह ग्राम, ओड़हथा निवासी धर्मेंद्र, शाहगंज कस्बा के राजू कश्यप और इंद्रदेव मौर्या के पास से पांच-पांच ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसी तरह करमा थाना क्षेत्र के झकाही निवासी रवि मौर्या के पास 105 ग्राम, विजय कुमार मौर्य के पास 25 ग्राम, राबर्ट्सगंज के जैत गांव के शैलेश कुमार उर्फ गोपी के पास 15 ग्राम, गोपाल रंजन और राज के पास से 12-12 ग्राम ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि रवि और विजय बाराबंकी, मुगलसराय, प्रयागराज समेत अन्य जिले से हेरोइन लाकर यहां बेचते हैं। उन्होंने पुलिस टीम को 15 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।