बीजपुर। सिरसोती गांव स्थित टोला नकटू में रविवार की सांय शादी समारोह में आई एक स्कार्पियो कुएं में गिर गई। गनीमत रही कि स्कार्पियो में सो रहा एक बच्चा बाल-बाल बच गया।
रविवार को सिरसोती गांव के नकटू टोले में दूधनाथ यादव के बेटी की शादी में एमपी मलंगो गांव से आई बारात द्वारा द्वार चार किया जा रहा था एवं घराती लोग खातिर दारी में लगे थे। इसी बीच अनपरा के बैरपान गांव से घर के मालिक दूधनाथ यादव के रिश्तेदार लोग एक स्कार्पियो से आये और गाड़ी खड़ी कर लोग घर के अंदर चले गए। वाहन चालक भी नास्ता पानी में लग गया। इसी बीच 13 वर्षीय अंकित जो अपने घर वालों के साथ आया था वह गाड़ी में आकर सो गया और निद्रा की स्थित में बच्चे के हाथ या पैर से लग कर जीप का गियर छूट जाने के कारण ढाल पर खड़ी स्कार्पियो लुढ़क कर गाड़ी से कुछ दूरी पर स्थित 15 फीट के सूखे कुएं में जा गिरी। कुआं पुराना था और उसमें झाड़-झंखाड़ उग आए थे। जिसके कारण गाड़ी उसी में फंस कर टंगी रह गई। गाड़ी को कुएं में गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने फौरन गाड़ी के अंदर फंसे अंकित यादव को बाहर निकाला तब जाकर परिजनों ने राहत की सांस ली।