स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के शिवा पार्क में भूमि विवाद को लेकर एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चौकी पुलिस ने बताया कि शिवा पार्क में डीपी सिंह व महेंद्र जायसवाल का भूमि का विवाद चल रहा है। मामले में एसडीएम ने स्थगन आदेश दिया था। इसके अनुपालन में पुलिस मौके पर ताला लगाने पहुंची थी। इस दौरान महेंद्र जायसवाल की पत्नी ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया गया। चौकी प्रभारी ने जब महिला को इससे रोकना चाहा तो उनके ऊपर भी मिट्टी का तेल गिर गया। किसी तरह मामला शांत कर पुलिस महेंद्र जायसवाल को पकड़ कर पुलिस चौकी ले गई। इस मामले में महेंद्र जायसवाल का कहना है कि वह जमीन उसके बड़े भाई की है, जिसे विपक्षी जबरदस्ती अपना बता रहे हैं। जबकि दूसरे पक्ष के डीपी सिंह का कहना है कि ये जमीन उन्होंने महेंद्र जायसवाल के बड़े भाई से 10 वर्ष पहले खरीदी थी, लेकिन अब बेवजह मामले को तूल दिया जा रहा है।