शामली। थानाभवन में वार्ड सदस्य से लूटपाट करके भाग रहे बाइक सवार बदमाशों की आदर्श मंडी क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से गोलियां चलीं, जिसमें गोली लगने पर पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया। घायल बदमाशों को शामली सीएचसी में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार बदमाश मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल क्षेत्र के रहने वाले हैं।
रविवार शाम थानाभवन के मोहल्ला हाफिज दोस्त निवासी सभासद साजिद पुत्र जहीर किसी कार्य से शामली आया था। यहां से कार में वह थानाभवन लौटते वक्त साजिद अपने रिश्तेदार के यहां बुटराड़ा गया। फिर वहां से थानाभवन लौट रहा था। रात करीब छह बजे जब वह बाबरी-थानाभवन मार्ग पर हिंड भट्ठे के पास पहुंचा, तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने साजिद से लिफ्ट मांगी।
जैसे ही साजिद ने कार रोकी, तो बदमाशों ने तमंचा तानकर कार की चाबी निकालकर खेत में फेंक दी। इसके बाद साजिद से 45 हजार रुपये नकदी, एटीएम कार्ड आदि लूटकर शामली की तरफ फरार हो गए। साजिद ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद आदर्श मंडी, थानाभवन, कैराना, गढ़ीपुख्ता, झिंझाना और बाबरी आदि थानों की पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। साथ ही क्राइम ब्रांच टीम भी बदमाशों की घेराबंदी में लग गई। इसी के चलते गोहरनी रेलवे फाटक के पास बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दोनों ओर से गोलियां चलीं।
पुलिस ने मौके से तीन बदमाशों को दबोच लिया, उनकी टांगों में गोली लगी थीं। इसके बाद घायल बदमाशों को शामली सीएचसी लाया गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अंकित पुत्र प्रदीप निवासी गांव बिरालसी, अतुल पुत्र राजेंद्र सिंह और आशु पुत्र वेदप्रकाश निवासी खुसरोपुर थाना चरथावल (मुजफ्फरनगर) के रहने वाले हैं। गिरफ्तार बदमाशों के पास से तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। फिलहाल तीनों बदमाशों को शामली सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सोमवार को इन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।