सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के ऊचडीह गांव में बुधवार को दंपती में मारपीट हो गई। इस दौरान तपेशरी देवी ने पत्थर से अपने पति शेषमणि भारती (62) पर वार कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद पति को तड़पता छोड़ फसल काटने के लिए खेत में चली गई। उपचार न होने के कारण वृद्ध की मौत हो गई। एसपी, एएसपी, सीओ ने घटनास्थल का जायजा लिया। इस मामले में मृतक की बेटी की तहरीर पर उसकी मां के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। सुबह करीब आठ बजे शेषमणि भारती को बुलाने के लिए उसके गांव का रहने वाला एक व्यक्ति उसके घर गया तो देखा वह खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा हुआ है। उसने घरवालों को घटना की सूचना दी तब उन्हें जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर कोतवाल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने के साथ उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल, अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह और सीओ ने घटनास्थल पर पहुंच कर मृतक की पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों से घटना के संबंध में पूछताछ किया तो सच्चाई खुलकर सामने आ गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की बेटी संगीता ने तहरीर दी है कि मेरे माता-पिता के बीच प्राय: विवाद चलता था। मेरे पिता 20 साल से अलग रहते थे और खाना भी अलग ही खाते थे। बुधवार की भोर चार-पांच बजे के बीच मेरे पिता ने लाठी-डंडे से मेरी मां को पीट दिया। इससे खफा होकर मां ने पत्थर से पिता के सिर समेत अन्य जगहों पर वार कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता को तड़पता छोड़ मां खेत में फसल काटने के लिए चली गई। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि संगीता की तहरीर पर उसकी मां तपेशरी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवार कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया।