बभनी। जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने मंगलवार को ब्लॉक के चैनपुर ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने शौचालयों का निर्माण पूर्ण न होने पर ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी को फटकार लगाई। साथ ही ग्राम पंचायत के निधि प्रथम का खाता सीज कर दिया। प्रधान, सचिव को एक सप्ताह के अंदर शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराने का निर्देश दिया। चेताया कि यदि निर्माण पूरा नहीं हुुआ तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिले के आखिरी छोर पर स्थित ग्राम पंचायत रंदह के सागसोती व चैनपुर ग्राम पंचायत में बने शौचालय का निरीक्षण डीपीआरओ ने किया। सगसोती व चैनपुर ग्राम पंचायत में अधूरे शौचालय को देख उन्होंने नाराजगी जाहिर की। चैनपुर गांव में बड़े पैमाने पर अधूरे शौचालय देखकर वे प्रधान और सचिव पर भड़क गये। यहां उन्होंने ग्राम पंचायत के निधि प्रथम का खाता सीज करने के साथ ही प्रधान व सेकेट्री को एक सप्ताह के अंदर अधूरे शौचालय पूर्ण करने का निर्देश दिया। चेताया कि शौचालय पूर्ण न होने पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज व त्रिस्तरीय कमेटी गठन किया जाएगा। डीपीआरओ ने बताया कि विगत माह में अधूरे शौचालय का सर्वे कराया गया था। इसमें पूरे जिले में 34 हजार शौचालय अधूरे पाये गये थे। विगत सप्ताह में सत्यापन के दौरान 22 हजार शौचालय पूर्ण हो चुके हैं। 12 हजार शौचालय जल्द पूर्ण कर लिये जायेंगे। निरीक्षण के दौरान डीपीसी अमित त्रिपाठी, प्रभारी एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव, सचिव राजेश सिंह, प्रमोद कुमार, प्रधान संजय गुप्ता मौजूद रहे।