अनपरा । तापीय परियोजना अनपरा के मुख्य महाप्रबंधक को अपना पति कहते हुए सीजीएम आवास के सामने एक दिन पूर्व बवाल काटने वाली महिला के खिलाफ शनिवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। सीजीएम की पत्नी कुसुम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। जान से मारने की धमकी देने, झूठा आरोप लगाकर रुपये ऐंठने की कोशिश व सोशल मीडिया के जरिये बदनाम करने का मामला महिला पर दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को अपराह्न एक महिला अनपरा तापीय परियोजना के सीजीएम आवास के सामने धरने पर बैठ गई थी। उसका कहना था कि अनपरा के मुख्य महाप्रबंधक इसके पति है और मिलना है। कई घंटे चले हाईफाई ड्रामे के बाद मौके पर पहुंची नायब तहसीलदार व पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर वहां से हटाने में कामयाब हुई। अनपरा थाने में जानकारी लेने के बाद उक्त महिला को काउंसलिंग के लिए नारी संरक्षण गृह भेज दिया गया। यह मामला शनिवार को तब नया मोड़ ले लिया जब सीजीएम की पत्नी कुसुम सिंह ने उक्त महिला के खिलाफ जान से मारने समेत कई आरोपों से संबंधित पुलिस को तहरीर दें दीं। पुलिस के मुताबिक उक्त महिला के खिलाफ धारा 418, 384, 504 व 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सीजीएम की पत्नी कुसुम सिंह ने पति को जान से मारने का प्रयास करने, दबाव बनाकर योजनाबद्ध तरीके से 50 लाख रुपये वसूलने, सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर बदनाम करने का मामला दर्ज कराया है।
नाम बदलकर चलाती है फेसबुक
मुख्यमहाप्रबंधक की पत्नी कुसुम सिंह ने दी गई तहरीर में पुलिस को बताया है कि उक्त महिला फेसबुक पर नामबदल कर कई अकाउंट बनाई है। अनामिका पांचाल, रितु सिंह, रितु अखिलेश सिंह जैसे नामों से अकाउंट बनाकर वह लोगों को फंसाने का काम करती है।
कर चुकी है दो शादी
एफआईआर में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि उक्त महिला की शादी पहले एक व्यक्ति से हुई थी लेकिन चाल-चलन ठीक न होने के कारण उस व्यक्ति ने उसे तलाक दे दिया। इसके बाद उक्त महिला ने फैजाबाद में नर्सिंग होम चलाने वाले एक डाक्टर से भी शादी कर चुकी है।