अंबारी । अहरौला थाना क्षेत्र के अतरडीहा गांव के ग्रामीणों ने कोटेदार द्बारा राशन नहीं दिये जाने से नाराज हो कर शनिवार को प्रधान दिनेश राजभर के नेतृत्व में माहुल- फूलपूर मार्ग को जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची माहुल चौकी की पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम को समाप्त कराया। अतरडीहा के ग्रामीणों का आरोप है की शनिवार को सुबह जब कोटेदार के घर पर पात्र गृहस्थी और अन्त्योदय का राशन लेने गये तो कोटेदार के पुत्र योगेश पांडेय ने उन्हे बगैर राशन दिये भगा दिया और कहा कि तुम लोगों का नाम लिस्ट में नहीँ है । ग्रामीणों द्बारा इस बात की सूचना पर प्रधान दिनेश राजभर ग्रामीणों के साथ माहुल-फूलपुर मार्ग पर आ गये और सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। सूचना मिलने पर करीब एक घंटे बाद चौकी प्रभारी माहुल राजेश मौर्या पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आपूर्ति निरीक्षक विजय साहनी से फोन पर वार्ता कर उन्हे इस समस्या से अवगत कराया। उनके द्बारा ग्रामीणों को कोटेदार द्बारा राशन दिलाये जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद चौकी इंचार्ज ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम समाप्त कराया । जाम करीब दो घंटे तक रहा। इस अवसर पर प्रधान के साथ महंगू प्रजापति, सुनील सिंह, राम अवध, अरुण पाण्डेय, भानमती, शांती, शकुंतला आदि सैकड़ो ग्रामीण उपस्थित रहे।