सोनभद्र। बिहार के रोहतास की पुलिस रविवार को बंदी बुद्धन को जिला कारागार गुर्मा में दाखिल कराने के लिए इधर-उधर भटकती रही। लेकिन जेल प्रशासन ने उसको लेने से इंकार कर दिया। रात भर राबट्सगंज कोतवाली में बंदी को रखा गया। सोमवार को कोर्ट के आदेश पर जेल में बंदी दाखिल हुआ। पुलिस के मुताबिक कुछ माह पूर्व राबर्ट्र्सगंज नगर से एक पिकअप चोरी हो गई थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने वाहन स्वामी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है। विवेचना के दौरान रोहतास (सासाराम) जिले के डेहरी निवासी बुद्धन सिंह का नाम पिकअप चुराने में प्रकाश में आया था। पुलिस ने आरोपी की खोजबीन शुरू की तो पता चला सासाराम पुलिस उसे गिरफ्तार कर चुकी है। रविवार को कोर्ट के आदेश पर सासाराम पुलिस राबर्ट्सगंज कोतवाली से वांछित चल रहे अभियुक्त बुद्धन को लेकर जिला कारागार गुर्मा दाखिल कराने पहुंची थी। लेकिन जेल कर्मियों ने यहां के कोर्ट के आदेश के बाद ही उसको लेने की बात कहते हुए दाखिल करने से मना कर दिया। घंटे भर पुलिसकर्मी बंदी को दाखिल कराने का प्रयास करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात करीब नौ बजे बंदी को लेकर पुलिसकर्मी कोतवाली पहुंचे और कोतवाल सीपी पांडेय को मामले से अवगत कराया। यहां रात भर बंदी रहा। पुलिस ने बताया कि सोमवार को कोर्ट के आदेश पर बंदी को जिला कारागार में दाखिल करा दिया गया। इसके बाद बिहार पुलिस वापस लौट गई।