सोनभद्र। नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के मद्देनजर पुलिस लाइन चुर्क के प्रशासनिक सभागार में सोमवार को प्रभारी पुलिस अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग हुई। इसमें चंदौली एवं मिर्जापुर के अधिकारी भी मौजूद रहे। जंगली इलाकों में सघन कांबिंग करने का निर्णय लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एमपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड की फोर्स नक्सलियों का सफाया करने के लिए अभियान चला रही है। खुफिया एजेंसियों से सूचनाएं प्राप्त हो रही है कि गैर प्रांतों की पुलिस से बचने के लिए पूर्व की भांति नक्सली सीमावर्ती इलाकों में पनाह लेने की फिराक में है। इसको देखते हुए जंगली इलाकों में तैनात फोर्स को अलर्ट रहने की जरूरत है। कांबिंग के दौरान ग्रामीणों से संदिग्धों के बारे में सूचनाएं एकत्र किया जाए। कहा कि अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें। बेरोजगारों को गुमराह करने वालों को भी चिह्नित किया जाए। क्षेत्राधिकारी विवेकानंद तिवारी, ज्ञान प्रकाश राय, डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, सुनील कुमार विश्नोई आदि मौजूद रहे।