पन्नूगंज थाना क्षेत्र के सब स्टेशन के पास गुरुवार की दोपहर सवारी मैजिक और बाइक की टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार राजेश (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहां पहुंची पुलिस राजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा ले गई, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए थे।
रायपुर थाना क्षेत्र के वैनी गांव निवासी राजेश गांव में ही परचून की दुकान चलाता है। गुरुवार की सुबह वह घर से बाइक से रामगढ़ बाजार जाने के लिए निकला था। उसे रामगढ़ बाजार से दुकान के सामान की खरीददारी करनी थी। दोपहर करीब 12 बजे वह पन्नूगंज सब स्टेशन के पास पहुंचा था, इसी दौरान रामगढ़ से सवारी लेकर वैनी की ओर जा रही मैजिक से उसके बाइक की सामने की टक्कर हो गई। हादसे में राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस राजेश को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा पहुंची, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मैजिक पकड़ लिया और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।