सिंगरौली (सोनभद्र)। गोरबी वन रेंज के जंगल में दुर्लभ वन्य जीव तेंदुआ को चूहे की दवा से मारने के आरोप में वन विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी आरएस पटेल ने बताया कि आरोपियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से 9 मार्च को पहले बछड़े को चूहा मार दवा से मारने के बाद जंगल में बछड़े का शव छोड़ दिया गया जहां पर तेंदुआ बछड़े को खाकर कर अचेत हो गया। घटना की खबर मिलने पर वन विभाग की टीम ने तेंदुआ को उपचार के लिए बैढ़न चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान दूसरे दिन उसकी मौत हो गई। घटना में तेंदुआ के शव का अंत्य परीक्षण कराने के उपरांत घटना कि जब पड़ताल की गई तो पाया गया कि कसर गांव निवासी शहीदुउद्दीन पुत्र अब्दुल बक्स एवं सहादत अली पुत्र मुस्तहाजिल अली ने साजिश के तहत बछड़े को चूहा मारने की दवा खिलाकर जंगल में फेंका था। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम कि धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई में बीबी सिंह उप वन मंडल अधिकारी, आरके मिश्रा, दूधमनिया, डीबी प्रजापति, पंकज देव पांडेय, हरिशंकर पनिका, संजीव शुक्ला, अनिल साकेत शामिल थे।