पुलिस गिरफ्त में पकड़ा गया डीसीएम चालक।
- फोटो : amar ujala
एसपी ने बताया कि चालक अजय श्रीवास्तव पुत्र माताप्रसाद ग्राम होशियारपुर जिला प्रतापगढ़ एक मार्च को रांची, झारखंड से ओरियंट क्राफ्ट लिमिटेड कंपनी का करीब 94 लाख का माल लेकर मुंबई के लिए रवाना हुआ था। वह ट्रांसपोर्टर कुंदन सिंह के ट्रांसपोर्ट से जुड़ा था। रास्ते में चालक अजय की नियत माल पर खराब हो गया और वह निर्धारित समय पर मुंबई नहीं पहुंचा तो माल के मालिक ने ट्रांसपोर्टर से संपर्क किया, जब ट्रांसपोर्टर कुंदन सिंह ने चालक का फोन मिलाया तो फोन स्विच आफ बता रहा था।
इस पर उसने रेडीमेड गारमेंट के मालिक को चालक का नंबर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। इस पर माल के मालिक नितिन खन्ना ने थाना ओरमाझी जिला रांची (झारखंड) में अजय के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा लिखाया। इसके बाद नितिन झारखंड की पुलिस के साथ मिलकर डीसीएम की लोकेशन लेने में लग गया। टोल प्लाजा की मदद से जब माल मालिक को पता लगा कि उसकी गाड़ी उरई में है तो उसने पुलिस से संपर्क किया।
इस पर पुलिस ने गुरुवार की रात संजय प्रधान ढाबा अजनारी ओवरब्रिज हाईवे पर दबिश दी तो वहां उक्त डीसीएम माल समेत खड़ा पाया गया। जबकि चालक वहीं पर माल बेचने की फिराक में किसी का इंतजार कर रहा था। पुलिस चालक को डीसीएम समेत लेकर कोतवाली आ गई। एसपी ने बताया कि चालक जनपद में किसे माल बेचने वाला था। वो किसे माल बेचने वाला था, इसका भी पता किया जा रहा है।