सोनभद्र। राबर्ट्सगंज में स्थित नवीन मंडी समिति के समीप कुछ मनबढ़ों ने एक बैंककर्मी समेत दो की पिटाई कर दी। रुपये की लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। जिला अस्पताल में घायलों का उपचार हुआ। कई स्थानों पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब डेढ़ बजे रुपये की लेनदेन को लेकर आपस में कुछ लोग तू-तू मैं-मैं कर रहे थे। इस दौरान दो युवकों ने लाठी-डंडे से राबर्ट्सगंज नगर में स्थित एक बैंक में तैनात ज्ञानपुर निवासी सुशील मिश्रा (40) और राबर्ट्सगंज निवासी नंद किशोर (44) को पीटने लगा। पैर में चोंट लगने से नंद किशोर गिर पड़े। इसके बाद पिटाई करने वाले भाग गए। पीड़ितों ने कोतवाली जाकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की खोजबीन शुरू कर दी गई है। जांच में पता चला है कि पिटाई करने वाले कर्ज के रूप में नंद किशोर से कुछ रुपये लिये है, उसी को लेकर विवाद हुआ है।