बलिया (मनियर)। कस्बा के समतगड़ही के पास स्थित झलक दास के मठिया परिसर में शराब व गांजा पीने से मना करने पर मनबढ़ युवकों ने पुजारी कन्हैया दास (60) को धारदार हथियार से मारकर घायल कर दिया। वारदात शुक्रवार की सुबह की है। पुजारी के शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पुजारी ने दो नामजद तथा दो अज्ञात के विरुद्ध थाने में तहरीर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुजारी की हालत खतरे से बाहर है।
पुजारी कन्हैया दास द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार कस्बे के समतगड़ही के पास स्थित झलक दास के मठिया में शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे वह रोजाना की भांति आरती कर रहे थे। इसी बीच कस्बे के दो युवक अपने अन्य दो साथियों के साथ मंदिर परिसर में पहुंचे और जहां शराब व गांजा पीने लगे। मैंने उन्हें इससे मना किया तो उन लोगों ने कमर से दाव निकाल मेरे ऊपर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मैं लहुलूहान हो गया। मेरे द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने मुझे पीएचसी मनियर पहुंचाया। कन्हैया दास ने बताया कि हमलावरों ने दाव व चाकू हाथ में लहराते हुए पुलिस में शिकायत करने पर हत्या करने की धमकी देते हुए भाग निकले। इस संबंध में सीओ बांसडीह रामलखन सरोज ने कहा कि पुजारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।