सोनभद्र। कोतवाली पुलिस ने महिला दुलारी देवी के साथ मारपीट करने और उसकी बेटी रूबी को जलाने के मामले में तीन सगे भाई सहित आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। घटना 22 जून 2017 की है। घर का मामला होने के नाते महिला शांत रही मगर परिवार के लोग तंग करने से बाज नहीं आए तो उसने एसपी को शिकायती पत्र देकर मदद की गुहार लगाई थी। एसपी के निर्देश के बाद तीनों बेटे और बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
राबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल की रहने वाली दुलारी देवी ने बेटे और बहुओं के खिलाफ एसपी को शिकायती पत्र सौंपा था। एसपी ने कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। पुलिस के मुुताबिक दुलारी का आरोप है 22 जून 2017 की रात आठ बजे उसके बेटों ने घर में घुसकर मारपीट की। बेटी रूबी के शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दिया। नगर में स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार होने पर बेटी की जान बची। परिवार का प्रकरण होने के नाते वह शांत रही, लेकिन वर्तमान फिर विपक्षीगण परेशान करने लगे हैं। पुलिस ने बेटे दीपक गुप्ता, संतू प्रसाद गुप्ता, शीतल गुप्ता, अनीता, सुशीला, कंचन गुप्ता, भरत और शिवबाबू के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।