म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के लौबंद गांव में शनिवार की शाम करीब छह बजे बंधी में स्नान करने गए एक बालक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना का पता चलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। देर हो जाने की वजह से शव को नहीं निकाला जा सका। बालक के शव को रविवार की सुबह निकाल कर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। म्योरपुर थाना क्षेत्र के लौबंद ग्राम पंचायत स्थित बंधी में डूबने से कमलेश (12) पुत्र स्व. कन्हई की मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक वह अपने कुछ साथियों के साथ बंधी में स्नान करने गया था। इस दौरान वह गहरे पानी में समा गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बालक के पानी में डूबने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार की सुबह उसके शव को पानी से निकाला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।