सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के घुवास गांव के पास शुक्रवार को रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध हाल में एक युवती का शव मिला। संभावना जताई जा रही है कि ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। मृतका की शिनाख्त चंद्रकला (18) के रूप में हुई। जानकारी होने पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई।
सुबह करीब छह बजे घुवास गांव के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे कुछ लोगों ने एक युवती का शव देख कर अन्य लोगों को जानकारी। वहीं शव मिलने की सूचना राबर्ट्सगंज नगर समेत आसपास के गांवों में पहुंची तो काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। थोड़ी ही देर में पुलिस भी पहुंच गई। इस दौरान कुछ लोगों ने मृतका की शिनाख्त चंद्रकला पुत्री नटवर सिंह निवासी महुरेसर कोतवाली राबर्ट्सगंज के रूप में किया। युवती के सिर और बाएं हाथ में चोट लगी थी। संभावना जताई जा रही थी भोर में किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने मृतका के घरवालों को सूचना देने के साथ ही शव को अस्पताल ले गए। मृतका के पिता के मुताबिक चंद्रकला अपने छोटे भाई के साथ राबर्ट्सगंज के ब्रह्मनगर में स्थित खुद के मकान में रहकर बीए में पढ़ती थी। बृहस्पतिवार की रात वह भोजन करने के बाद घर में सोई थी। ट्रैक पर कब और कैसे पहुंची उन्हें पता नहीं है। पुलिस ने कहा कि पीएम करवाकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया है। कहा कि जांच में प्रथम दृष्टया पता चला है कि युवती ने आत्महत्या की है। हालांकि वह ट्रेन की चपेट में कैसे आई इसका पता लगाया जा रहा है।