ग्राम पंचायत दिघुल के प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी समेत तीन के खिलाफ मंगलवार को पुलिस ने धोखाधड़ी, गबन का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की है।
दिघुल गांव के खुशबुद्दीन ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में धारा156(3) के तहत वाद दाखिल किया था। आरोप था कि ब्लाक कार्यालय से उसे बताया कि गया कि आवास निर्माण के लिए उसके खाते में 76 हजार रुपये आया है। सूचना मिलने के बाद वह बैंक गया तो पता चला कि उसके खाते में धन है ही नहीं। छानबीन से पता चला कि उसके खाते से 76 हजार रुपये साजिश के तहत निकाल लिया गया है। इसकी सूचना जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक हार कर उसने कोर्ट की शरण ली। प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाए जाने पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्रधान हरिशंकर यादव, ग्राम विकास अधिकारी एचएन सिंह, वार्ड सदस्य संतोष केशरी, खिलाफ धोखाधड़ी गबन करने का मामला दर्ज कर लिया है। उधर प्रधान हरिशंकर यादव का कहना है कि राजनीतिक द्वेष वश साजिश के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है।