सोनभद्र (डाला)। कस्बा में स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार की सुबह एक टीपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महेश (22) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। बाइक पर तीन लोग सवार थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और घायलोें को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के एक घायल को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार बभनी थाना क्षेत्र के तारनखाड़ के महेश पुत्र शिवनाथ, पवन कुमार (22) और छोटेलाल (24) पुत्र कैलाश विश्वकर्मा निवासी काचन थाना म्योरपुर एक ही बाइक पर सवार होकर राबर्ट्सगंज की ओर जा रहे थे। वे डाला पुलिस चौकी क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे एक टीपर ने बाइक में धक्का मार दिया। धक्का इतना तेज था कि बाइक सवार महेश की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि पवन और छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। टीपर बाइक को घसीटता हुआ करीब 20 मीटर दूर तक ले गया। घटना के दौरान बाइक महेश ही चला रहा था। घटना के बाद मौका देखा टीपर चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के लोग भी भारी संख्या में इकट्ठा हो गए। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पवन को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। जबकि छोटेलाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक और घायलों के परिवार वाले भी घटना की सूचना पर मौके पर पहुंच गए थे।