उपचार के दौरान गर्भवती की मौत
- परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बीके सिविल अस्पताल में प्रसव के लिए आई एक गर्भवती की बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। गर्भवती ने डिलीवरी के दौरान एक मृत बच्चे को जन्म दिया था। उसे मंगलवार रात को बीके अस्पताल लाया गया था। बुधवार को महिला के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।
गांव भतौला निवासी सुनीता नौ माह की गर्भवती थी। मंगलवार देर रात पीड़ा होने पर परिजन सुनीता को बीके अस्पताल ले आए। बुधवार सुबह करीब सवा 6 डॉक्टरों ने महिला का ऑपरेशन कर डिलीवरी की, मगर बच्चा मरा हुआ था। ऑपरेशन के बाद महिला को वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया। करीब आठ बजे सुनीता की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत दो-तीन पहले हो गई थी। समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण संक्रमण फैलने के कारण भी मौत हो सकती है। डॉक्टरों ने मौत का कारण जानने के लिए उन्हें मृतका का पोस्टमार्टम करवाने के लिए कहा, मगर परिजनों ने इंकार कर दिया। प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील माही का कहना है कि महिला की मौत के कारण पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी कुछ भी बताना मुश्किल है।
------