सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र में घर मेें घुसकर विवाहिता से दुष्कर्म करने के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने विजय कोल के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। रात में आरोपी को पकडने के लिए कोतवाल ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन मिला नहीं।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता का पति वर्तमान में किसी मामले में जेल मेें निरूद्ध चल रहा है। पीड़िता का आरोप है कि 14 अगस्त की रात में वह अपने बेटे को पेशाब कराने के लिए मकान के बाहर निकली थी। उसी वक्त गांव का रहने वाला विजय उसके घर में घुस कर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने खुद की मदद के लिए आवाज लगाने की प्रयास की, लेकिन आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। बेटे की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे आरोपी को पकड़ने के लिए फोर्स के साथ पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी नहीं मिला। कोतवाल ने घटनास्थल के आसपास के रहवासियों से भी पूछताछ की। सीओ विवेकानंद तिवारी ने कहा कि पीड़िता की तहरीर पर विजय कोल के खिलाफ संबंधित धाराओं मेें मुकदमा कायम कर उसकी खोजबीन की जा रही है।