सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के मंडी समिति के सामने गुरुवार की अर्धरात्रि के बाद फ्लाईओवर पर ट्रक की डंपर से टक्कर हो गई। इससे ट्रक चालक और खलासी (रिश्ते में चाचा-भतीजा) दोनों घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई।
घोरावल थाना क्षेत्र के अमिलौंधा निवासी ट्रक चालक रामअवध (45) ट्रक पर चोपन इलाके से बालू लोड कर वाराणसी की तरफ जा रहा था। खलासी के रूप में उसका भतीजा अरविंद कुमार प्रजापति (18) भी उसके साथ था। ट्रक जैसे ही राबर्ट्सगंज में मंडी समिति के सामने फ्लाईओवर पर पहुंचा, आगे जा रही डंपर अचानक धीमी हो गई। इससे ट्रक उसके पिछले हिस्से में जाकर तेजी से टकरा गई। इसके चलते रामअवध और अरविंद दोनों घायल हो गए। खबर पाकर पहुंची पुलिस आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल ले गई। वहां उपचार के दौरान रामअवध ने दम तोड़ दिया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को शव का पीएम कराने के बाद उसे परिवारीजनों को सौंप दिया। अरविंद की हालत ठीक देख उसे दोपहर में छुट्टी दे दी गई।