मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोर्चाघर निवासी केबल संचालक संजय सिंह कि गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह उनकी लाश उनके कमरे में मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया जिसमें परेशानियों के चलते आत्महत्या करने की लिखी गई है जबकि परिजनों ने सुसाइड नोट की राइटिंग को संदिग्ध बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
संजय सिंह जिले भर में केबल संचालन करते थे। वह जनपद में केबिल शुरू करने वाले पहले व्यक्ति थे। परिजनों के अनुसार संजय सिंह गुरुवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह देर तक नहीं उठे तो परिवार के लोग उन्हें उठाने कमरे में पहुंचे। देखा कि वह मृत पड़े हैं। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने संजय के कपड़े की तलाशी कराई तो उसमें से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उन्होंने किसी परेशानी के चलते अपने आपको समाप्त करने की बात कही है। हालांकि परिजनों का कहना है कि सुसाइड नोट पर संजय की राइटिंग नहीं है। परिजनों समेत अन्य लोगों ने संजय के साथ किसी अनहोनी होने की आशंका जताई है। पुलिस जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि संजय की मौत किन परिस्थितियों में हुई। संजय के परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटी, भाई, भाभी और भतीजे हैं।
केबल संचालक संजय सिंह के पास मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि मै आजकल काफी परेशान चल रहा हूं इसलिए अपने आपको समाप्त करने जा रहा हूं। बेटी से माफी मांगते हुए संजय ने बड़े भाई से कहा है कि उनकी बेटी को वह अपनी बेटी की तरह सम्मान दें। उसे हर महीने 20 हजार रुपये भेजते रहे। इसके अलावा परिवार के बारे में अन्य बातें भी लिखी हुई हैं। संजय ऐसी कौन सी परेशानी से जूझ रहा था जिसके बारे में किसी को पता नहीं चल पा रहा है। फिलहाल परिजनों से लेकर रिश्तेदारों तक को उनकी आत्महत्या करने की बात पर संदेह है। हर कोई यही कह रहा है कि संजय की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।