ओबरा/दुद्धी। अंबेडकर चौराहा के पास पीसीएल से लगाए जा रहे खंभे से गिरकर मंगलवार दोपहर एक संविदा कर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद साथी कर्मचारी उसे आनन फानन में चोपन स्थित सीएचसी ले गए लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर ओबरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। ओबरा पुलिस ने बताया कि मृतक भजन लाल (20) पुत्र ओम प्रकाश निवासी मुरादाबाद खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहा था। तभी ऊंचाई से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में उसे सीएचसी चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बता दें कि कार्य के दौरान पीसीएल विभाग की घोर लापरवाही सामने आ रही है। जानकारों की माने तो कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने से इतनी बड़ी घटना घटित हो गयी। उधर दुद्धी नगर के वार्ड दो में एक विद्यालय परिसर में स्थित बिजली के खंभे में तार उतर आया। उसकी चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। गाय चारा चरने के लिए परिसर में गई थी। विद्यालय के प्रबंधक फादर रेमंड डिसूजा का कहना है कि कई बार विद्युत विभाग को खंभा हटाने के लिए पत्राचार किया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।