ओबरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के रासपहाड़ी क्षेत्र में शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे श्रमिकों से भरा टेंपो एक जानवर को बचाने में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में आटो सवार आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए। बताया जाता है कि करीब दर्जन भर मजदूर पटवध से एक आटो में सवार होकर खनन क्षेत्र की ओर मजदूरी करने जा रहे थे, जैसे ही आटो रासपहाड़ी क्षेत्र में पहुंचा कि अचानक एक जानवर के सामने आ जाने के कारण आटो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गया। घटना में आटो पर सवार पटवध निवासी रवि (26), जन्माष्टमी (40), चालक शिवलाल (25), संगीता (30), मक्का देवी (48) घायल हो गए। जख्मी हाल में सभी घायलों को नगर स्थित निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को चोपन सीएचसी भेज दिया गया। वहीं चिकित्सकों ने सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई है।