परियोजना चिकित्सालय में मंगलवार की रात इलाज कराने आए युवक के साथियों पर उत्पात मचाने एवं मारपीट किए जाने का आरोप चिकित्सालय प्रशासन ने लगाया है। सुरक्षा के दृष्टिगत मुख्य चिकित्साधिकारी ने थानाध्यक्ष ओबरा को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया है। तहरीर के अनुसार मंगलवार की रात 11 बजे खैरटिया निवासी विपिन पासवान नाम के मरीज को लेकर उनके साथी आए जो सल्फास खाया हुआ था। स्टाफ नर्सों द्वारा प्राथमिक उपचार शुरू किया गया और अस्पताल का ड्राइवर डॉक्टर को बुलाने जा रहा था। इसी बीच मरीज के साथी ड्राइवर को मारने के लिए दौड़े इससे घबराकर ड्राइवर अपनी जान बचाकर भाग गया। वहीं अस्पताल में उपस्थित स्टाफ के साथ गाली-गलौज एवं मारने पर उतारू हो गए। इस कारण प्राथमिक उपचार करने में बाधा उत्पन्न हुई तथा अस्पताल के सामान को लेकर भी मरीज के साथी भाग गए। दो बेंच और दरवाजे की जाली भी तोड़ दी गई। बताया है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके साथी के साथ भी हाथापाई की गई। ओबरा चौकी प्रभारी प्रमोद यादव ने बताया कि मामले में कुछ अज्ञात के खिलाफ 504, 427 आईपीसी के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है।