सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव में मंगलवार को किसी बात को लेकर दंपती में विवाद हो गया। पत्नी की पिटाई करने के बाद रामलाल (35) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बड़े भाई के घर में युवक ने घटना को अंजाम दिया। जानकारी होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
चार दिन पूर्व चोपन थाना क्षेत्र के जवारीडाड़ गांव निवासी रामलाल अपनी पत्नी पानमती केे साथ अपने बड़े भाई लंबू निवासी पटवध के घर पहुंचा था। मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे किसी बात से नाराज होकर रामलाल अपनी पत्नी की पिटाई करने लगा। जिससे पानमती बेसुध हो गई। इसके बाद रामलाल ने कमरे में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और उसने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला। घरवाले जब दरवाजा की कुंडी तोड़कर अंदर गए तो रामलाल छत से रस्सी के सहारे लटक रहा था। उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घरवालों से पूछताछ करने के बाद शव को ले गई। वहीं जिला अस्पताल में पानमती का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी भी हालत गंभीर बताई है।