सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा के बेटे आकाश मिश्रा के ऊपर हमला करने के आरोप में दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, राबर्ट्सगंज के इमरती कालोनी निवासी आकाश बृहस्पतिवार की दोपहर एक बजे कपड़ा देने के लिए बाजार गया था। हाईडिल मैदान के पास कुछ लोगों ने उसकी स्कूटी रोकी और विवाद करने लगे। जब तक लोग जुटते हमलावार उसे कर पीटने लगे। अत्यधिक चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे पिता और भाई ने घायलावस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल का कहना है कि उस पर हमला करने वाले लोग कभी भी उसके परिजनों के ऊपर हमला कर सकते हैं। कोतवाल ने अंजनी राय ने बताया कि आकाश की तहरीर पर सौरभ शुक्ला, गौरव शुक्ला और दो अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।