रेणुकूट। पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार की सुबह पति से हुए विवाद के बाद एक महिला ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसे पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पिपरी नगर पंचायत के वार्ड 10 में स्थित छठ घाट के समीप एक महिला ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो मालती चौधरी (26) पत्नी सतेंद्र का शव घर में दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और फिर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के पूछताछ के दौरान मृतका के पति ने बताया कि रविवार के देर रात उसका पत्नी से विवाद हुआ था सोमवार की सुबह उठने पर सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था। घटना के वक्त पति घर के नजदीक ही कहीं गया हुआ था। जब लौटकर आया तो महिला ने घर में ही दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली थी। पिपरी थाने के प्रभारी अभय नारायण तिवारी ने बताया कि महिला का शव फंदे से लटकता मिला है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है।