सोनभद्र। चुर्क पुलिस चौकी क्षेत्र के रौप गांव के समीप रविवार को बाइक सवार युवकों ने ट्रक चालक नरेश को पीट दिया। चालक ने सौ नंबर पर युवकों द्वारा मारपीट कर हजारों रुपये लूटने की सूचना दी तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सोमवार को पुलिस ने चारों युवकों को मयबाइक गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक सदर कोतवाली क्षेत्र के बेठिगांव गांव निवासी नेरश मझिगांव के रहने वाले राजेश चौबे का ट्रक चलाकर जीवकोपार्जन करता है। रविवार की रात करीब दस बजे रौप के समीप बाइक सवार चार युवकों ने ट्रक रोक कर नरेश की पिटाई कर दी। इसके बाद सभी एक बाइक पर सवार होकर चुर्क की ओर भाग निकले। चालक ने सौ नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी कि चार युवक उसकी पिटाई कर हजारों रुपये लूटकर भाग निकले। लेकिन उसने उनकी बाइक की नंबर नोट कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल मिथिलेश मिश्रा और चुर्क चौकी इंचार्ज राजेश सिंह युवकों की तलाश मेें जुट गए। सोमवार को पीड़ित चालक ने कोतवाली जाकर घटना की तहरीर दी। उधर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने कहा कि जांच करने पर पता चला कि बाइक का स्वामी अपने सहयोगियों के साथ चालक से मारपीट की थी। चालक ने भी स्वीकार किया कि मारपीट की घटना को हड़बड़ी में लूट की सूचना दे दी थी। कहा कि चालक के साथ विवाद करने के आरोप में पकड़े गए सहिजन कला निवासी मयंक पटेल पुत्र सियाराम पटेल, बलवंत कुमार पुत्र शंकर पटेल, संदीप विश्वकर्मा पुत्र रामविलास और सहिजन खुर्द निवासी मुकेश मौर्य पुत्र शीतला प्रसाद मौर्या का मारपीट में चालान कर बाइक को सीज कर दिया गया।