घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के मुसरधारा गांव में शनिवार रात दो पक्षों में हुई मारपीट में चौकीदार समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती कराया गया, जहां से चौकीदार को जिला अस्पताल और फिर वहां से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में चौकीदार की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। डोमहर निवासी सुधाकर (55) मुसरधारा गांव का चौकीदार है। सुधाकर ने तहरीर देकर बताया है कि शनिवार रात आठ बजे वह ड्यूटी के लिए इलाहाबाद बैंक औराही जा रहा था। औराही के पास गांव के ही हीरालाल, विकास व संजय ने उसके लिए गाली गलौज व मारपीट किया औऱ जान से मारने की धमकी दी। वहीं हीरालाल (45) ने भी तहरीर देकर विपक्षियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सुधाकर व हीरालाल को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया। सुधाकर की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया और वहां भी हालत में सुधार न होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।