सोनभद्र। दिनदहाड़े बदमाशों ने एक समूह के कर्मी संदीप को असलहा सटाकर उससे 49860 रुपये से भरा बैग लूटकर बाइक से फरार हो गए। घटना राबर्ट्सगंज पुलिस चौकी के पसियान मोहल्ले में बृहस्पतिवार को हुई। घटना के बाद पूरे जिले में पुलिस ने दो वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। एसपी सलमान ताज पाटिल, एएसपी, सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के गड़पइचा व वर्तमान पता राबर्ट्सगंज के पसियान मोहला निवासी संदीप कुमार यादव आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस कंपनी फील्ड कर्मी का कार्य करता है। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब सवा दो बजे संदीप फील्ड से 49860 रुपये कलेक्शन कर बाइक से पसियान मोहाल में स्थित अपने दफ्तर पर जा रहा था। लेकिन रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे तीन बदमाशों ने कर्मी को रोक लिया। एक बदमाश ने उसके पेट में असलहा सटाकर रुपये से भरा बैग छिन लिया। इसके बाद तीनों बदमाश एक बाइक पर सवार होकर भाग निकले। इसके बाद कर्मी ने कुछ दूरी पर स्थित कार्यालय पर जाकर अपने साथियों को जानकारी दी। उधर सूचना मिलते ही कोतवाल नवीन तिवारी पहुंच कर पीड़ित से पूछताछ करने के बाद उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। एएसपी ओपी सिंह, सीओ अभिनव यादव ने घटनास्थल के समीप स्थित मकानों में लगे सीसीटीवी फूटेज को खंगालने के साथ ही लोगों से पूछताछ की। एसपी नेे भी पीड़ित से बदमाशों के हुलिया आदि के बारे में पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने कहा कि सीओ के नेतृत्व में कोतवाल और स्वाट टीम को बदमाशों को पकड़ कर घटना का खुलासा करने के लिए लगाया गया है।