ओबरा। जमीन विवाद से जुड़े मामले में ओबरा स्थित सहायक अभिलेख अधिकारी कोर्ट में तैनात पेशकार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है। बभनी क्षेत्र के कोंगा निवासी रामदयाल का आरोप है कि धनखोर, आजनगिरा और कोंगा गांवों में करीब 80 से 85 बीघा जमीन के सर्वे में गड़बड़ी कर अलग-अलग लोगों के नाम दर्ज कर दिए गए। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री स्तर तक की गई थी। उनका दावा है कि जांच के बाद उनके पक्ष में अभिलेखों में सुधार का आदेश होने की बात कही गई थी। मामला ओबरा स्थित सहायक अभिलेख अधिकारी कोर्ट में चल रहा था। बहस पूरी होने के बाद फाइल पेशकार के पास लंबित थी। आरोप है कि इसी दौरान उनसे रुपये की मांग की गई। रामदयाल का दावा है कि उन्होंने आरोपित पेशकार को 20 हजार रुपये दिए और एक सप्ताह में काम होने का भरोसा मिला लेकिन डेढ़ से दो माह बीतने के बाद भी मामले का निस्तारण नहीं हुआ। वहीं आरोपी पेशकार सूबेदार सिंह ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें फंसाने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।