सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर नाबालिग लड़कियों को बेचने के आरोप में तीन के खिलाफ अपहरण समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मंगलवार को पीड़ित किशोरी के मां की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस तलाश में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़ित महिला ने अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। उसका आरोप है कि पांच अक्टूबर 2020 को उसके गांव की दो महिलाएं उसकी और पड़ोस की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। सुकृत से दोनों को बस से वाराणसी भेजवा दिया। वहां लड़कियों से एक व्यक्ति मिला और उन्हें जौनपुर ले जाकर लड़कियों द्वारा पहने आभूषण को बेचवा दिया। इसके बाद दोनों किशोरियों को वाराणसी लेकर पहुंचा और उन्हें एक अनजान व्यक्ति के साथ 2300 रुपये देकर इंदौर जाने वाली बस पर बैठाकर चला गया। लड़कियों ने मोबाइल से अपने घरवालों को मामले की जानकारी दी। सुकृत पुलिस चौकी इंचार्ज केजी राय ने लड़कियों के मोबाइल से बस चालक से बातचीत कर उन्हें वापस वाराणसी मंगवाया। इसके बाद किशोरियां अपने घर लौट गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर फातिमा बेगम, बल्ली और बिंदा के खिलाफ अपहरण समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।