नगर पंचायत डाला के वार्ड नंबर दस में बिना सभासद की जानकारी और सहमति के हो रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को इसी मुद्दे पर नाराज सभासद प्रतिनिधि राजेश पटेल ने नगर पंचायत कार्यालय पहुँच कर विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने अपनी ही बाइक से पेट्रोल निकालकर खुद पर डालने की कोशिश की। मौके पर मौजूद अन्य सभासदों ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया।
वार्ड दस की सभासद बिन्दू सिंह के प्रतिनिधि राजेश पटेल ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में पांच लाख रुपये की लागत से एक पानी टंकी का निर्माण समाजवादी पार्टी के एक नेता के घर के पास कराया जा रहा है, जबकि यह निर्माण कार्य सार्वजनिक हित में हैण्डपंप के पास होना चाहिए था। उन्होंने बताया कि इस निर्माण कार्य के बारे में न तो सभासद को कोई जानकारी दी गई और न ही कोई प्रस्ताव पारित किया गया।
राजेश पटेल ने कहा कि इससे पहले भी कई कार्यों की शुरुआत बिना सभासद को सूचित किए कर दी गई थी। उपेक्षा से आहत होकर वह नगर पंचायत कार्यालय पहुँचे और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर विरोध जताने का प्रयास किया। इस दौरान सभासद अवनीश देव पांडेय, बिशाल गुप्ता और सभासद प्रतिनिधि सुरेश मौके पर पहुंचे और पेट्रोल की बोतल को कार्यालय से बाहर ले जाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सरोज ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को सख्त हिदायत दी गई है कि भविष्य में किसी भी कार्य को बिना सभासद की जानकारी के न कराया जाए। उन्होंने कहा कि पानी टंकी के निर्माण स्थल को टेंडर के समय ही तय कर दिया गया था, जिसे बदलना उचित नहीं है।
हालांकि, पानी टंकी संचालित होते ही अन्य स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिल सके, इसके लिए ठेकेदार को निर्देशित कर दिया गया है।