राबर्ट्सगंज नगर में कोरोना मरीज मिलने पर चौथे दिन भी धोबियान मोहाल में लगा बैरकेटिंग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। घोरावल सीएचसी के छह स्वास्थ्यकर्मियों समेत 44 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में अब तक कोरोना संक्रमित मिले लोगों की संख्या 913 हो गई है। उधर, रविवार को पाजिटिव मिले रेणुकूट स्थित एक निजी कंपनी में काम करने वाले 55 वर्षीय व्यक्ति की सोमवार को जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड केयर सेंटर लेबल-2 में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिले में कोविड अस्पतालों में भर्ती हुए मरीजों में यह पहली मौत है। इसकी पुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की। उधर, अब तक संक्रमित मिले लोगों में 12 लोग सोमवार को ठीक भी हुए। इसके साथ ही स्वस्थ होने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 578 हो गई है। हालांकि एक्टिव केस भी अब 335 हो गए हैं। इस बीच चिकित्सकों की अलग-अलग टीमें सोमवार को भी रेंडम व संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेकर जांच में भी जुटी रहीं। सोमवार को 1023 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। हालांकि 965 लोगों की रिपोर्ट भी आई। इनमें से 44 पाजिटिव और 921 निगेटिव मिले हैं। सीएमओ के मुताबिक अब तक 30866 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 30129 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 913 पाजिटिव और 29216 निगेटिव मिले हैं। अन्य 737 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 12 कोरोना संक्रमित मरीज सोमवार को स्वस्थ भी हुए। इसके साथ ही अब तक स्वस्थ होने वालों की संख्या 578 हो गई है। सोमवार को जो लोग संक्रमित मिले, उनके आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को शाम तक सील कर सैनिटाइज कराने का कार्य शुरू कर दिया गया। एसडीएम केएस पांडेय के मुताबिक संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। संबंधित क्षेत्र में बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। हाट स्पाट वाले इलाके में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरत के सामान घर पर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं।