विण्ढमगंज बाजार में कोरोना मरीज मिलने पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में 35 और लोगों की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 448 हो गई है। इस बीच सोमवार को तीन लोग स्वस्थ होकर घर भी लौट गए। इसकी पुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की है। उन्होंने बताया कि अब तक 302 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि एक्टिव केस 149 हो गए हैं। इस बीच सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलग-अलग जगहों पर रेंडम व संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। सोमवार को 352 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए जबकि 464 लोगों की रिपोर्ट आई। जिसमें 35 पाजिटिव और 429 निगेटिव मिले हैं।सीएमओ के मुताबिक अब तक जिले के 13349 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 12757 की रिपोर्ट आई है। इसमें से 464 लोगों की रिपोर्ट सोमवार को आई है। जिसमें 35 पाजिटिव व 429 निगेटिव मिले हैं। अब तक प्राप्त रिपोर्ट में से कुल 448 पाजिटिव और 12309 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पाजिटिव मिले लोगों में से 302 लोग स्वस्थ हो गए हैं जबकि 149 संक्रमित लोगों का इलाज चल रहा है। इसमें से तीन लोग सोमवार को स्वस्थ हुए हैं। उन्होंने बताया कि 592 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों की जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अब तक जगह-जगह शिविर लगाकर भी जांच की जा रही है जबकि रैंडम सैंपल भी लिए जा रहे हैं। ताकि संक्रमण के फैलाव पर नियंत्रण किया जा सके। सीएमओ के मुताबिक पाजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने तथा बैरिकेडिंग के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, प्रशासन व पुलिस ने कैंटेनमेंट जोन में सख्ती बढ़ा दी गई है। एसडीएम सदर यमुनाधर चौहान के मुताबिक सोमवार को संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर सैनिटाइज कराया जा रहा है। संबंधित इलाकों में बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। हाट स्पाट वाले इलाकों में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरत के सामान घर पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लाकडाउन के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी र्कावाई के निर्देश दिए गए हैं।