चोपन में कोरोना पॉजिटिव मिलने पर बांस बल्ली लगाते नगर पंचायत के कर्मचारी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित शेल्टर हाउस में रखे गए एक बंदी समेत 11 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। अब जिले में पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 413 हो गई है। इसके साथ ही 31 और लोग स्वस्थ होकर घर भी लौट गए हैं। इसकी पुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की। उन्होंने बताया कि स्वस्थ होने वालों की संख्या 299 हो गई है। एक्टिव मामले अब 114 हो गए हैं। सीएमओ के मुताबिक रविवार को आरटीपीसीआर, ट्रू नाट व एंटीजेन प्रक्रिया के तहत 1183 लोगों के सैंपल लिए गए। अब तक कुल 12997 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 12293 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें से 413 पाजिटिव और 11880 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पाजिटिव मिले लोगों में से 299 स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें से 31 लोग रविवार को स्वस्थ हुए हैं। अन्य 114 संक्रमित मिले लोगों का अलग-अलग स्थानों पर बने कोविड केयर सेंटरों में इलाज चल रहा है। इनमें से राजकीय इंजीनियरिंग कालेज परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में 12, गुरमा स्थित जिला कारागार में कोविड केयर सेंटर में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है। इनके अलावा 65 लोग होम क्वारंटीन किए गए हैं। अन्य संक्रमित मिले लोगों का जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में इलाज चल रहा है। सीएमओ ने बताया कि रविवार को संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर सैनिटाइज कराने व बैरिकेडिंग कराने के लिए सक्षम अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम यमुनाधर चौहान का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील करा दिया गया है। संबंधित इलाकों में बैरिकेडिंग भी कराने को कहा गया है। संबंधित इलाकों में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। जरूरत के सामान लोगों को घरोें में ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लाकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उधर, चोपन मे रविवार को क्षेत्र में कोरोना के दो संक्रमित मरीज मिलने पर नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से उनके आवास व आसपास के इलाकों को कैंटेनमेंट जोन घोषित कर सील करा दिया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि नगर में दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जानकारी होने पर संबंधित लोगों के आवास व आसपास के ढाई सौ मीटर क्षेत्र को सील करा दिया गया है। साथ ही पूरे नगर को सैनिटाइज भी कराया जा रहा है। उधर, प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार तिवारी भी पुलिस बल के साथ नगर में भ्रमण करते हुए लोगों से घरों में ही रहने की अपील करते दिखे।