सोनभद्र। जिले के निवासी कोरोना संक्रमित दो और लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक की मौत लखनऊ और दूसरे मरीज की मौत वाराणसी में इलाज के दौरान हुई है। इस बीच पिछले चौबीस घंटे के दौरान जिले में 18 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में अब तक पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 3848 हो गई। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 19 मरीज इलाज के बाद मंगलवार को स्वस्थ घोषित किए गए। स्वस्थ होने वालों की संख्या 3584 हो गई है। जिले में 18 और कोरोना संक्रमित मिलने पर एक्टिव मामले 208 हो गए हैं।
उधर, चिकित्सकों की टीमें मंगलवार को भी रेंडम व संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों तथा कंटेनमेंट जोन में रहने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। टीमों ने कुल 1784 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए। पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1248 लोगों की मंगलवार को रिपोर्ट भी आई। जिसमें 18 पाजिटिव और 1230 निगेटिव मिले। सीएमओ के मुताबिक अब तक कुल 161925 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए जा चुके हैं। इनमें से 160358 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 3848 पाजिटिव और 156510 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। अन्य 1567 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मंगलवार को 18 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 208 हो गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों में से 21 की मौत सोनभद्र और 35 अन्य की मौत दूसरे जिलों में हुई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पाजिटिव मिले लोगों के आवास सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।