जिला कोरोना मुक्त होने की दिशा में बढ़ने लगा है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान सिर्फ चार कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिले है। हालांकि दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। ठीक होने वालों का आंकड़ा भी बढ़ा है। 26 लोगों के और स्वस्थ होने से रिकवरी दर में वृद्धि हुई है। अब ठीक होने वालों का दर 96.41 फीसदी हो गया है।
जिले में कोरोना की दूसरी लहर का चेन तोड़ने के लिए डीएम अभिषेक सिंह की ओर से 629 ग्राम पंचायतों में एक-एक निगरानी समिति और नगर पालिका राबर्ट्सगंज के साथ सभी नगर पंचायतों के सभी वार्डों में एक-एक निगरानी समिति तैनात की है। निगरानी समिति के सदस्यों द्वारा घर-घर सर्वे कर लक्षणयुक्त व्यक्तियों को चिन्हित कर स्वास्थ्य विभाग की रिस्पांस टीम को बता रही है। सूचना मिलते ही रिस्पांस टीमें पहुंच कर बीमार लोगों की कोरोना जांच कर रही है। संक्रमित मिलने वाले व्यक्तियों को दवाएं देने के साथ ही आइसोलेट कर दे रही है। इसी का परिणाम है कि कोरोना संक्रमितों की संख्या में काफी हद तक कमी आई है। सीएमओ डॉ. नेम सिंह ने कहा कि जनपदवासियों के सहयोग से कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने में सफलता मिल रही है।
अब तक मिले हैं 16875 केस
जिले में कोरोना संक्रमण का पहला मामला आठ अप्रैल 2020 को आया था। तब से अब तक कुल 16875 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 16269 लोग स्वस्थ हो चुुके हैं, जबकि 252 लोगों की मौत हुई है। 354 लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है। कोरोना के इलाज के लिए 300 बेड का कोविड-19 अस्पताल बनाया गया है। नौ निजी अस्पतालों को भी कोविड अस्पताल बनाया गया है।