लोक निर्माण विभाग में कार्य कर रहे ठेकेदार ने विभाग के अवर अभियंता पर काम देने और दिलाने के नाम पर वसूली का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री सहित अन्य उच्चाधिकरियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
विभाग में कार्य कर रहे ठेकेदार नवीन दुबे ने पत्र में कहा है कि कार्यों पर भुगतान के लिए जेई की ओर से कमीशन की मांग की जाती है। न देने पर कार्यों का भुगतान भी नहीं किया जा रहा। धनखोर विद्यालय में स्कूल का काम कराने के बाद भी कमीशन के चक्कर में भुगतान नहीं हो रहा। बभनी में 24 सड़कों का पैच काम का भी भुगतान कमीशन के फेर में अटका है। कहा कि विभाग के जेई अपनी ऊंची पहुंच का धौंस देकर परेशान करते हैं। कार्य होने के बाद भी भुगतान नहीं कर रहे। इस बाबत जेई जितेंद्र तिवारी ने आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा कि मानक के अनुरूप सभी कार्यों के सापेक्ष भुगतान कर दिया गया है।