एनटीपीसी रिहंद के प्रशासनिक गेट के सामने वेतन भुगतान सहित कई मांगों को लेकर कुणाल कम्पनी के एकत
बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद परियोजना में एफजीडी (फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन) निर्माण कार्य में लगे संविदा श्रमिकों ने मंगलवार सुबह प्रशासनिक भवन के गेट पर प्रदर्शन किया। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो माह, अगस्त और सितंबर का पारिश्रमिक भुगतान नहीं किया गया है। श्रमिकों ने बताया कि वे थर्मेक्स प्राइवेट लिमिटेड के अधीन कुणाल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत हैं। वेतन भुगतान की मांग को लेकर उन्होंने दोनों कंपनियों के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई लेकिन उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। इस कारण उन्होंने काम बंद कर दिया है। संबंधित कंपनी के प्रोजेक्ट प्रबंधक अरविंद सिंह और एचआर मौके पर पहुंचे। उन्होंने श्रमिकों को मंगलवार शाम तक भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन ने भी संबंधित एजेंसी के अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र भुगतान कराने की हिदायत दी। एजीएम एचआर राजेश बोईपाई ने बताया कि प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यदि बुधवार तक वेतन भुगतान नहीं होता है, तो इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित एजेंसी की होगी। आश्वासन मिलने के बाद श्रमिक काम पर लौट गए।