संविदा विद्युत कर्मियों ने मानदेय में कटौती पर सोमवार को कड़ा विरोध दर्ज किया। जवारीडाढ़ और चोपन उपकेंद्र पर विरोध प्रदर्शन करते हुए विभागीय लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कटौती की भरपाई नहीं की गई तो वे अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे।
प्रदर्शन कर रहे संविदा कर्मचारियों ने बताया कि विगत दो माह से उनके मानदेय में लगातार कटौती की जा रही है। तीस दिन काम करने के बावजूद केवल 26 दिन का मानदेय दिया जा रहा है।
कर्मचारी दिन-रात जंगल और झाड़ियों में जाकर लाइन मरम्मत करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका मेहनताना काटा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में सोनू गुप्ता, विक्की गुप्ता, शशि प्रकाश सेन, धर्मवीर राजभर, अवधेश यादव, अक्षय यादव, आकाश भारती व रामचंद्र यादव आदि शामिल रहे।
इस संबंध में जवारीडाढ़ उपकेंद्र के जेई रामलाल ने कहा कि ऊर्जा जनशक्ति एप में नेटवर्क समस्या के चलते कई कर्मचारियों की हाजिरी दर्ज नहीं हो पाई, जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई है। उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर जल्द ही समाधान कराया जाएगा।
उधर, चोपन उपकेंद्र पर भी संविदा कर्मियों ने मानदेय में की जा रही कटौती के विरोध में कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी गौतम कुमार सिंह ने कहा कि लगातार दो महीनों से आधा मानदेय मिल रहा है।
ठेकेदार और जेई एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। इस मामले में चोपन के जेई संत कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की शिकायतें मिली हैं। मामला जांच में लिया गया है और रिपोर्ट विभागीय अधिकारियों को भेजी जाएगी।
यदि किसी कर्मचारी के साथ अन्याय हुआ है तो उसे उसका पूरा वेतन दिलाया जाएगा। एप नया है और इसमें तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिसका वैकल्पिक समाधान तलाशा जा रहा है।